फतेहपुर। सीसी कैमरा के विवाद में चक्की कारखाना संचालक की डंडे से पीटकर हत्या में फरार आरोपी का तीसरे दिन सुराग नहीं लग सका। एसपी अनूप कुमार सिंह ने शनिवार शाम आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया है। हत्यारोपी की तलाश में चार टीम लगाई हैं।
जहानाबाद थाने के बिरनई गांव निवासी कालीशंकर उत्तम (61) घर में ही कारखाना चक्की संचालित करते थे। उन्होंने घर में सीसीटीवी कैमरा लगवाए थे। कैमरे नहीं हटाने की खुन्नस में गांव के बिरनई इंटर काॅलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अंशुल अवस्थी उर्फ अंशू ने बुधवार रात कालीशंकर की डंडे से पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस के तीन दिन बाद आरोपी के हत्थे न चढ़ने पर इनाम की घोषणा की है। पुलिस को शक है कि आरोपी किसी दूसरे राज्य भाग निकला है। एसपी ने सर्विलांस, इंटेलीजेंस, एसओजी व थाने समेत चार टीम आरोपी की तलाश में लगाई है।