फतेहपुर/खागा। ललौली व खागा कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसों में बाइक सवार एक युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई। खागा हादसे में मृत युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
ललौली थाना क्षेत्र के जजरहा गांव निवासी नसीर का पुत्र रईश (45) बाइक से शहर रिश्तेदार के घर आया था। यहां से शनिवार सुबह घर जा रहा था। ललौली थाने के मुत्तौर के पास बाइक सवार को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजकर चालक व ट्रक को हिरासत में लिया है। जिला अस्पताल में घायल रईश की हालत गंभीर देखकर डॉक्टर ने कानपुर मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर किया। रास्ते में रईश की मौत हो गई। उधर, कोतवाली क्षेत्र के भोगलपुर गांव के पास शुक्रवार रात करीब आठ बजे 35 वर्षीय व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से सीएचसी हरदों भेजा। जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान शनिवार शाम तक नहीं हो सकी। युवक ने काली पैंट,महरून शर्ट पहन रखी थी। आसपास के लोगों ने बताया कि युवक पैदल हाईवे पार कर रहा था।