असोथर(फतेहपुर)। थाना क्षेत्र के बेरुई गांव में भैंस बांधने के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष की तहरीर पर प्रधान समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले को लेकर प्रधान संघ भी थाने पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों का शांतिभंग में चालान किया है।
गांव निवासी रमेश कश्यप और प्रधान ललित सैनी के बीच जमीन का विवाद है। जमीन पर रमेश की भैंस बंधी थी। भैंस बांधने को लेकर पक्षों के बीच मारपीट हो गई।
रमेश की पत्नी सरोज ने आरोप लगाया कि उसकी भैंस को प्रधान ने डंडे से पीटा। विरोध करने उसके साथ मारपीट और गालीगलौज की। शोर-सुनकर उसका बेटा सूरज बचाने पहुंचा। तभी सूरज के साथ ललित और उसके साथियों ने मारपीट की।
सरोज की तहरीर पर ललित, गंगासागर, रामसागर, अमित, उदित के खिलाफ गालीगलौज और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई। मामले की सूचना पर प्रधान संघ अध्यक्ष नदीमउद्दीन उर्फ पप्पू पहुंचे।
थानाध्यक्ष डीडी सिंह ने बताया कि एक पक्ष से कमल कश्यप और दूसरे पक्ष से प्रधान ललित समेत तीन का शांतिभंग में चालान किया गया है।