फतेहपुर। अब जिले के किसानों को मौसम से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। शनिवार को कृषि विज्ञान केंद्र थरियांव में स्वचालित मौसम केंद्र की स्थापना की गई है। प्रभारी डॉ. देवेंद्र स्वरूप ने पूजा अर्चना करके मौसम केंद्र को शुरू कराया।
निदेशक प्रसार डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि किसानों को खेती में आय बढ़ाने के लिए मौसम की जानकारी बहुत महत्वपूर्ण होती है। अब जिले के किसानों को चक्रवात, ओलावृष्टि, सूखा, बाढ़, गर्मी, लू, पाला, शीतलहर की सही जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक सचिन कुमार शुक्ला ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, नई दिल्ली और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के संयुक्त प्रयास से कृषि विज्ञान केंद्र थरियांव में मौसम केंद्र बनाया गया है। यह संयंत्र सोलर पैनल आधारित होगा। यह मौसम के सभी पैरामीटर का डाटा रिकार्ड करता रहेगा।