रावण वध मेले की तैयारी के लिए बन रहा गेट
- फोटो : अमर उजाला
नगर में बुधवार को होने वाले रावण वध और मेले की तैयारियां जोरों पर है। कई स्थानों में गेट और रोड लाइटें लगाई जा रही हैं। कमेटी के लोग सभी सजावट करने वाले मंडल संचालकों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं। वहीं रावण, मेघनाद और मंदोदरी के पुतले का रंग रोगन शुरू है। रामचंदी भवन की रंगाई पुताई कर दी गई है। दंगल मैदान को भी सजाया संवारा जा रहा है।
नगर के सब्जी मंडी, चौक, किशनपुर रोड, बस स्टेशन, शुकदेव इंटर कालेज , नौबस्ता रोड में गेट और रोड लाइट सजावट के लिए मंडल संचालक बल्लियां गड़वाने के लिए मजदूरों से गढ्ढे खुदवा रहे हैं। गेट सजावट के लिए मजदूर दिन रात जुटे हैं। रामलीला कमेटी अध्यक्ष रामगोपाल सिंह ने बताया कि मेले के दिन करीब चार दर्जन से अधिक चौकियां निकलेंगी। आधा दर्जन गेट और काफी रोड लाइटें सजाई जाएंगी। रावण मैदान में सफाई व पुराई का काम तेज है।
मेले के दिन पूरी रात बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। पूरे नगर में प्रकाश की व्यवस्था भी कर दी गई है। सुरक्षा के लिए पुलिस बल की मांग की गई है।