चौडगरा। हादसों को दावत दे रहा बिना रेलिंग का नहर पुल अब बनना शुरू हो गया है। अमर उजाला ने नौ दिसंबर को बिना रेलिंग के पुल से होने वाले खतरे की सच्चाई उजागर की थी। जिसका संज्ञान सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने लिया है।
विभाग ने अधबने पुल की रेलिंग बनाने का काम शुरू कर दिया है। इससे इलाकाई लोगों ने राहत की सांस ली है।
रेवाड़ी कस्बा के पास रामगंगा नहर पर अधबने पुल का काम छह महीने से बंद था। कार्यदायी संस्था ने पुल बनाकर रेलिंग का काम छोड़ दिया था। यह पुल रेवाड़ी कस्बा व गंगा किनारे के एक दर्जन गांवों को हाईवे से जोड़ता है।
पुल की रेलिंग न बनने की वजह से कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों बच्चे इस पुल से स्कूल जाते हैं। अधिशासी अभियंता महेंद्र सिंह ने बताया कि नहर पुल बनाने का काम काइजर कंट्रक्शन डेटा कंपनी को दिया गया है।
कार्यदायी संस्था को नोटिस देकर अधूरे पुल के निर्माण को पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही रेलिंग बनाने का काम पूरा हो जाएगा।