सीएचसी जहानाबाद में केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन देते स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
जहानाबाद। केंद्र सरकार के आठ साल बेमिसाल के तहत उपलब्धियां गिनाने सीएचसी पहुंचीं केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को कर्मियों ने समस्याओं का पुलिंदा थमा दिया। स्थानीय लोगों ने भी अपनी दिक्कतें बताईं। ज्ञापन लेने के बाद केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकारों का पूरा ध्यान स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करने पर है। वह दिन दूर नहीं जब जहानाबाद के सीएचसी ही नहीं, पूरे प्रदेश और देश की स्वास्थ्य सेवाएं बहुत मजबूत होंगी।
केंद्रीय मंत्री ने मंगलवार को सीएचसी में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री ने हर व्यक्ति को जीवन में कम से कम पांच पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। मंत्री ने सीएचसी में पौधरोपण किया। कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए हर व्यक्ति पांच पौधे जरूर रोपे।
कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजनाओं के तहत मुफ्त राशन का वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर नल से जल की सुविधा, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, स्वास्थ्य बीमा योजना आदि महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
डॉ. जेपी वर्मा के नेतृत्व में सीएचसी के विकास के लिए कर्मचारियों ने केंद्रीय मंत्री को छह सूत्री ज्ञापन दिया। इस मौके पर डॉ. सुनील चौरसिया, डॉ. श्याम, डॉ. जगज्योति और डॉ. डीडी वर्मा सहित कर्मचारी मौजूद रहे।