फोटो-58-फाइल फोटो शिवकली। स्रोत परिजन
असोथर। गर्भवती महिला की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत के बाद परिजन ने शव सामने रखकर हंगामा किया। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
थाना क्षेत्र के झब्बापुर निवासी प्रमोद पासवान की पत्नी शिवकली (35) पांच माह की गर्भवती थी। महिला का जागेश्वर धाम तिराहा के एक निजी क्लीनिक में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
महिला के जेठ बुधराज पासवान की सूचना पर दोपहर एक बजे पुलिस पहुंची। शनिवार शाम परिजन ने पोस्टमार्टम के बाद शव क्लीनिक के सामने रखकर भाकियू के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्यामबरन उर्फ मनीष के नेतृत्व में अस्पताल सील करने की मांग को लेकर हंगामा किया।
डाॅक्टर पर गलत इलाज से मौत की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। महिला का पति प्रमोद दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में काम करता है। थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी के आश्वासन पर परिजन शव के अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
परिजन की तहरीर पर क्लीनिक संचालक और स्टाफ नर्स के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसीएमओ डॉ. इश्तियाक अहमद ने बताया कि जानकारी मिली है। जांच कराई जा रही है।