फतेहपुर। भाकियू के संस्थापक महेंद्र सिंह टिकैत ने हथगाम दौरे के समय 1990 में ही राजेश सिंह चौहान का जुझारूपन भांप लिया था। इसलिए तब उन्हें जिलाध्यक्ष बनाया गया था। अब राजेश सिंह चौहान भाकियू अराजनैतिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए हैं। इससे समर्थकों में खुशी है। समर्थक 20 मई को असनी गंगा पुल पर उनका स्वागत करेंगे। भाकियू के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम ने 18 मई को नहर कालोनी में बैठक बुलाई है।
खागा तहसील क्षेत्र सिठौरा गांव निवासी राजेश सिंह चौहान स्नातक करने के बाद 1990 में महेंद्र टिकैत के संपर्क में आए थे। तब टिकैत हथगाम में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। पहली मुलाकात में टिकैत ने उन्हें जिलाध्यक्ष घोषित कर दिया था। 2004 में राजेश सिंह को मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। संगठन के प्रति समर्पित भावना से काम करने के कारण उन्हें 2017 में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया। अब भाकियू अराजनैतिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। उनकी पत्नी मनोज सिंह गृहिणी और बड़ा बेटा अकिलेंद्र प्रताप सिंह ईंट भट्ठा समेत अन्य व्यवसाय देखते हैं। छोटा बेटा अंकुर प्रताप सिंह कानपुर में सीए की पढ़ाई कर रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष 20 मई को यहां आएंगे। असनी गंगा पुल पर स्वागत की तैयारी है। स्वागत जुलूस लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन तक आएगा। भाकियू के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह है।