जोनिहा। घरेलू परेशानियों से तंग आकर विधवा ने सोमवार को फांसी लगा ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के घेरवां निवासी गायत्री देवी (40) के पति रज्जू यादव की चार साल पहले मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद से महिला मानसिक तनाव में रहती थी। उसके दो बेटे रोहित (14) और मोहित (7) हैं।
रोहित ने बताया कि वह दूध देने के लिए छोटे भाई को लेकर दुकान गया था। कुछ देर बाद घर लौटा तो कमरे की छत से रस्सी के फंदे से मां का शव लटका देख चीख पड़ा।
पड़ोसियों ने महिला के शव को नीचे उतारा। रोहित का दो माह पहले पैर फैक्चर हो गया था। उसके इलाज में काफी रकम खर्च हुई थी। महिला कृषि और पशुपालन से गृहस्थी का खर्च चलाती थी। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच की जाएगी।