फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जाफराबाद गांव में हुई लाखों रुपये की चोरी के खुलासे के लिए पुलिस ने सोमवार को जांच तेज कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले और कई लोगों से पूछताछ की गई। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।
कोतवाली क्षेत्र के जाफराबाद गांव निवासी गोरे कुशवाहा, कोटे कुशवाहा और जय कुशवाहा सगे भाई हैं। जय राजकोट और गोरे मुंबई में रोजगार के सिलसिले में रहते हैं। शुक्रवार शाम परिवार के लोग शादी समारोह में गए थे। लौटने पर घर के ताले टूटे मिले और चोरी का पता चला।
चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर अलमारियां और तीन बक्से खंगाल दिए। सोने की अंगूठी, झुमकी, बेसर, गले की माला, चेन, मंगलसूत्र, पायल और हाफ पेटी समेत करीब 12 लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि चोरों की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।