फतेहपुर। दोनों गैंगस्टर हाजी रजा और बॉक्सर पर गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक हाजी रजा और उनके समर्थकों पर 2022 का पहला मुकदमा सदर कोतवाली में गैंगस्टर का दर्ज हुआ था। इसके पहले 19 मुकदमें 1996 से 2017 के बीच दर्ज हुए थे। कई मामलों में पुलिस ने चार्जशीट लगाई, लेकिन अधिकांश मुकदमों में रजा को कानूनी दांवपेंच से क्लीन चिट मिल गई थी।
23 नवंबर को हाजी रजा और उनके समर्थकों पर डकैती का मुकदमा दर्ज हुआ। इसी रात दूसरा मुकदमा रजा, शोएब चिकना, लिपिक आकिब, सभासद विनय तिवारी, सोनी समेत 60 पर पुलिस मुजाहमत का दर्ज हुआ। तीसरा मुकदमा जिला अस्पताल में डॉक्टर से बदसलूकी और सरकारी कार्य में बाधा का रजा समेत 100 लोगों पर दर्ज किया गया है। पहले मुकदमों में भी गैंगस्टर लग चुका है।
इसी तरह शेख एजाज बॉक्सर का 2013 से लेकर 2020 तक 15 मुकदमों का अपराधिक इतिहास है। पहला मुकदमा जमीन के फर्जीवाड़े का दर्ज हुआ था। उसके बाद सरकारी संपत्ति पर कब्जे, गुंडा एक्ट, 2017 में गैंगस्टर समेत अन्य मुकदमे दर्ज हुए। एजाज की संपत्तियों पर कार्रवाई छह फरवरी 2020 में गैंगस्टर के तहत दर्ज मुकदमे में की गई है। इस मुकदमे में शेख एजाज अहमद, आफाक हुसैन, आफाक अहमद को पुलिस ने आरोपी बनाया था। फर्जी तरीके से जमीनों के अभिलेख तैयार कर कब्जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।
भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी फैजान रिजवी पर 22 नवंबर को नगर पालिका के पास हमला हुआ था। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। मामले में चेयरमैन पुत्र हाजी रजा और उनके समर्थक फैजान को मारते पीटते दिखे थे। पुलिस के सुनवाई नहीं करने पर तत्कालीन भाजपा के सदर विधायक विक्रम सिंह ने कोतवाली में धरना दिया था।
इसके बाद फैजान की तहरीर पर हाजी रजा, उनके गनर जुुनैद उर्फ जुन्ना, सभासद राहत, शमशाद, गुलाम समेत 20 अज्ञात पर डकैती, हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच हुसैनगंज थानाध्यक्ष को सौंपी गई थी। जांच के बाद पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। इसके बाद से ही पुलिस अवैध तरीके से अर्जित की गई उसकी संपत्ति पर नजर बनाए हुए थी।
एजाज अहमद की उधन्नापुर स्थित संपत्तियों पर पुलिस प्रशासन कार्रवाई कर सका है। प्रशासन ने माहपुर, उधन्नापुर, शेखपुर उनवा, चौफेरवा, हसवा, भरहरा, पनी पश्चिमी, बस्तापुर, खंडहर पनी, चौधराना स्थित कुल 31 जमीन खंगाली गई है। माहपुर, उधन्नापुर, शेखपुर इलाकों में कई जगहों पर प्रापर्टी है। एक प्रापर्टी पनी मोहल्ले में एजाज की पत्नी के नाम पर है।
शेख एजाज अहमद की पत्नी के नाम पर कुर्क मकान में 35 लाख का बैंक लोन है। इसके अलावा लखनऊ बाईपास स्थित एजाज की एक विवादित जमीन पर 20 लाख का बैंक लोन है। एजाज अहमद ने बताया कि व्यापार कर संपत्ति बनाई है। उस संपत्ति पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई है। जबकि उनके मामले पहले से कोर्ट में विचाराधीन है। राजनैतिक कुछ लोगों के विरोध के चलते कार्रवाई की गई है। उनकी संपत्तियों पर लोन भी है।
पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है। अवैध तरीके से अर्जित कमाई से जुटाई संपत्तियों को गैंगस्टर के तहत कुर्क किया गया है। मामला कोर्ट में चलेगा। कोर्ट में 90 दिनों के अंदर प्रतिवादी अपना पक्ष रख सकते हैं। उनका पक्ष भी सुना जाएगा।
- अपूर्वा दुबे, डीएम
अपराध से आर्थिक और भौतिक लाभ प्राप्त करने वालों पर गैंगस्टर के मुकदमे दर्ज किए गए थे। गैंगस्टर के तहत उनकी संपत्ति कुर्क की कार्रवाई की गई है। अपराधी, भू-माफियाओं पर ऐसी ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- राजेश कुमार सिंह, एसपी