खागा। किशनपुर थाना क्षेत्र में अब विजयीपुर के साथ नरैनी चौकी भी होगी। क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिले से गए प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गई है। शासन ने नरैनी में रिर्पोटिंग पुलिस चौकी स्थापित करने के लिए सहमति प्रदान की है।
किशनपुर थाना क्षेत्र कुछ साल पहले दस्यु प्रभावित रहा है। डकैतों के खात्मे के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम हुई लेकिन अभी भी तराई के इलाकों में वारदातें होती है। इतना ही नहीं नरैनी कस्बा भौगोलिक रूप से किशनपुर से काफी दूर है और थरियांव के नजदीक है। ऐसे में नरैनी के लोगों को किशनपुर आना काफी परेशान करता है। लिहाजा यहां एक रिर्पोटिंग पुलिस चौकी की जरूरत थी। जिला पुलिस की ओर से नरैनी में रिर्पोटिंग पुलिस चौकी बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। सोमवार को शासन ने चौकी स्थापित करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। इससे अब नरैनी क्षेत्र के लोगों को दूर का चक्कर लगाकर किशनपुर नहीं आना पड़ेगा। किशनपुर थाने में अभी तक विजयीपुर चौकी है जो रिर्पोटिंग नहीं है। रिर्पोटिंग चौकी होने से लोगों को एफआईआर दर्ज कराने के लिए किशनपुर थाना नहीं आना पड़ेगा। चौकी में ही एफआईआर होगी।