फतेहपुर। झाऊपुर वार्ड की पानी की मुख्य लाइन फटने से दो हजार की आबादी की जलापूर्ति बंद है। लाइन से निकलकर पानी खेतों में भर रहा है। दो दिन से लाइन फटी होने के बावजूद नगर पालिका ने समस्या का समाधान नहीं किया है।
शहर के झाऊपुर वार्ड की नई बस्ती में पानी को लेकर लोगों को खासी दिक्कत उठानी पड़ रही है।
झाऊपुर वार्ड की आबादी को जलापूर्ति के लिए मुख्य लाइन नाला पटरी से गुजरी है। शुक्रवार को पटरी से कोई मालवाहक वाहन निकलने से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
इससे पाइपलाइन फट गई और पानी की मोटी धार निकलनी शुरू हो गई। पानी की लाइन से निकलने वाले पानी से पटरी में कटान हो गई। पास के खेत में पानी भर रहा है। वाटर लाइन फटने के स्थान से आगे की आबादी में जलापूर्ति पूरी तरह से बंद है।
शनिवार सुबह लोगों को पानी के लिए खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यहां पर हैंडपंप न होने के कारण लोगों को सिंचाई के लिए लगे सबमर्सिबल पंपों से जरूरत के लिए पानी लाना पड़ा। मोहल्ला वासियों ने इसकी शिकायत नगर पालिका में की है, लेकिन दोपहर तक लाइन की मरम्मत तो दूर कोई कर्मचारी समस्या देखने तक नहीं आया।
अवर अभियंता (जलकल) विजय कुमार ने कहा कि पानी की लाइन फटने की जानकारी मिली तो कर्मचारियों की टीम बुलाकर मरम्मत शुरू करा दी गई है। रविवार दोपहर तक लाइन की मरम्मत कराकर जलापूर्ति शुरू करा दी जाएगी।
झाऊपुर निवासी राजेश द्विवेदी का कहना है कि दो दिन से जलापूर्ति बंद है। गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद नगर पालिका चुप्पी साधे है।
अशोक कुमार कहते हैं कि दो दिन से जलापूर्ति बंद है। लोग बिना स्नान किए घरों से रोजी-रोटी कमाने के लिए निकल रहे हैं। इसकी शिकायत नगर पालिका में की गई थी, लेकिन अभी तक समस्या का निदान नहीं हुआ।
छत्रपाल ने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी संकट से लोग बेहाल हैं। सिंचाई के लिए खेतों में लगे नलकूपों से पीने का पानी लाना पड़ रहा है। लाइन फटे दो दिन हो गए लेकिन नगर पालिका कोई कर्मचारी तक नहीं आया।