खागा। सरकारी क्रय केंद्रों पर अपना गेहूं बेचने के लिए 384 किसानों ने आवेदन किए हैं। इसके सापेक्ष राजस्व कर्मी केवल 42 लोगों का ही सत्यापन कर सके हैं। इस लेटलतीफी से किसान परेशान हैं। इधर, पता चलने पर एसडीएम ने पांच दिनों के अंदर सत्यापन पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
एक मार्च से किसानों ने गेहूं बिक्री के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए थे। अब तक तहसील क्षेत्र में 384 किसानों के आवेदन हो चुके हैं। आवेदनों के सत्यापन के लिए राजस्व निरीक्षक व लेखपालों को जिम्मेदारी दी गई है। इसमें राजस्व कर्मियों ने अब तक केवल 42 किसानों का सत्यापन किया है।
100 क्विंटल तक के आवेदनों का राजस्व कर्मचारी सत्यापन करते हैं। इसमें किसान का नाम, पता, खेत का रकबा और खसरा के आधार पर गेहूं फसल का सत्यापन होता है। एसडीएम प्रभाकर त्रिपाठी ने बताया कि पांच दिनों में लंबित आवेदनों का सत्यापन करने को कहा गया है।