फतेहपुर। अब नगर पालिका लॉकडाउन के दौरान शहरवासियों को जरूरत के सामान की आपूर्ति कराएगी। इसके लिए नगर पालिका में कंट्रोलरूम बनाया गया है। वह 24 घंटे चालू रहेगा। जरूरत के सामान की आपूर्ति के लिए कोई भी 7497960105 मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकता है।
शहर में लॉकडाउन के दौरान जरूरत के सामान की आपूर्ति के लिए नगर पालिका को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आटा, दाल, चावल, सब्जी, तेल, घी, दवाओं आदि की जरूरत पड़ने पर कोई भी शहरवासी नगर पालिका के कंट्रोलरूम से संपर्क कर सकता है। नगर पालिका की हर वार्ड में गठित निगरानी कमेटी के सदस्य अधिकृत दुकान से सामान लेकर संबंधित उपभोक्ता के घर पहुंचाएंगे। बीमारी आदि की सूचना पर प्रशासन और संबंधित व्यक्ति के बीच कड़ी की भूमिका निभाते हुए एंबुलेंस या वाहन पास उपलब्ध कराने का भी जिम्मा कंट्रोल रूम पर निर्भर होगा। ईओ नगर पालिका मीरा सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम 24 घंटे खुला रहेगा। इसके लिए तीन शिफ्टों में चार-चार कर्मचारी लगाए गए हैं।
डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महिला महाविद्यालय पैरेंट्स टीचर्स एसोसिएशन के सचिव एवं हाईकोर्ट के अधिवक्ता हर्ष कुमार श्रीवास्तव ने सभी से घरों से अंदर रहने की अपील की है। अधिवक्ता का कहना है कि वर्तमान समय में पूरे विश्व में कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। इससे जनपद अछूता नहीं है। इससे बचने के लिए शासन प्रशासन से जारी गाइड लाइन का पालन करें। भीड़भाड़ में जाने से बचें। साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। अपने आपको आइसोलेट कर घरों के अंदर सुरक्षित रहें। बचाव ही इस भयानक त्रासदी का उपचार है। संवाद