फतेहपुर। बिजली के बड़े बकाएदारों को बिना ब्याज बिजली बिल जमा करने के लिए एक महीने का समय बढ़ा दिया गया है। निजी नलकूप और चार किलोवाट तक के घरेलू कनेक्शन के बकाएदार अब 31 मार्च तक आसान किस्त योजना का लाभ ले सकेंगे। पंजीकरण कराने के बाद आसान किस्त में बकाएदार अपने बिजली के बिल को जमा करेंगे।
जिले में 22 हजार 523 उपभोक्ताओं के घरेलू कनेक्शन का 10 हजार रुपये से अधिक का बकाया है। वहीं किसानों की बात करें तो निजी नलकूप के 21 हजार 844 उपभोक्ताओं 190 करोड़ 88 लाख रुपये बिजली का बिल बकाया है। इसमें 5182 किसानों ने अपना पंजीकरण करा लिया है, लेकिन 16 हजार 662 किसान अभी भी ऐसे हैं, जिनका 10 हजार रुपये से अधिक बिजली का बिल बकाया है। अधीक्षण अभियंता आनंद प्रकाश शुक्ला का कहना है कि जिनके बिजली बिल बकाया हैं। वह उपखंड अधिकारी के यहां पंजीकरण कराकर बिजली का बिल जमा करा दें। आसान किस्त योजना में बिजली के बिल में लगे सरचार्ज (ब्याज) को माफ कर दिया जाएगा। शहरी क्षेत्र में 12 किस्त व ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता 24 किस्त में अपना बिजली का बिल जमा कर सकते हैं। निजी नलकूप क बिल को छह किस्तों में जमा करने की योजना है।