फतेहपुर। कानपुर-प्रयागराज हाईवे के चौड़ीकरण में अंडरपास जाम की वजह बने हुए हैं। सोमवार शाम लंबा जाम लगा। करीब पांच घंटे तक वाहन रेंगते हुए चले। इसमें चार पहिया वाहन व रोडवेज बसों से सफर करने वालों को भी दिक्कत हुई। करीब बीस किमी तक यही हाल रहा।
हाईवे चौड़ीकरण में बीच-बीच अंडरपास पुल बनाए जा रहे हैं। ऐसी जगह पर कार्यदायी संस्था ने हाईवे की एक लेन को बंद कर दिया है और एक ही लेन से दोनों ओर के वाहनों को निकाला जा रहा है। शहर के पूर्वी, पश्चिमी और लखनऊ बाईपास अंडरपास पुल की वजह से जाम लगा रहता है। सोमवार को दोपहर से जाम लग गया और देर शाम तक वाहनों की लाइन लगी रही। इसमें कानपुर और प्रयागराज जाने वाली कई रोडवेज बसें भी जाम में फंसी रहीं। कई लोग जाम की वजह से अपनी यात्रा कैंसिल कर लौट गए। शहर के दोनों ओर करीब 20 किमी दायरे में वाहनों की लाइन लगी रही। बता दें कि खागा, थरियांव आंबापुर, हसवा मोड़, बिलंदा में हाईवे पर अंडरपास पुल बन रहे हैं। यहां पर एक लेन को बंद कर दिया गया है।