धाता। कस्बे के इफको खाद बिक्री केंद्र में यूरिया के लिए किसानों की सुबह से लंबी लाइन लग रही है। अधिकांश किसानों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि केंद्र पर यूरिया वितरण में मनमानी की जा रही है। एक किसान को केवल एक बोरी ही यूरिया दी जा रही है।
किसानों ने बताया कि धान की नर्सरी, पशुओं के चारे तथा अन्य फसलों के लिए इस समय यूरिया की जरूरत है लेकिन पर्याप्त मात्रा में यूरिया न मिलने के कारण फसल प्रभावित हो रही है। किसानों को सुबह से लाइन में लगने के बावजूद यूरिया नहीं मिल पा रही है। किसानों का कहना है कि केंद्र पर प्रतिदिन केवल 10 किसानों को ही यूरिया दी जा रही है जबकि अन्य लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ता है।
महेश सिंह, राकेश, सोहन, उदयभान सिंह, मार्कंडेय सिंह, ननका पासवान और राकेश विश्वकर्मा आदि किसानों ने बताया कि यूरिया की कमी से धान की खेती पर संकट गहराने लगा है। किसानों को चिंता सता रही है कि समय से खाद नहीं मिली, तो धान की फसल प्रभावित हो सकती है। इफको केंद्र संचालक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि जिले से प्रतिदिन केवल 10 बोरी यूरिया बेचने का आदेश है। इसलिए एक किसान को एक बोरी यूरिया दी जा रही है। प्रतिदिन केवल 10 किसानों को ही यूरिया उपलब्ध कराई जा रही है।