जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में गुरुवार को नामांकन पत्रों की जांच हुई। जांच में सभी पदों के नामांकन पत्र सही पाए गए। किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र वापस नहीं लिया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए केवल एक नामांकन पत्र दाखिल होने पर ओम प्रकाश श्रीवास्तव व संयुक्त सचिव प्रकाशन पद पर केवल एक नामांकन पद दाखिल होने पर कमलेश कुमार सिंह भदौरिया को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
जिला बार एसोसिएशन के पुस्तकालय भवन में मुख्य चुनाव अधिकारी संतोष कुमार दीक्षित व सहायक चुनाव अधिकारी चंद्रिका सिंह व श्रीराम पटेल तथा उप सहायक चुनाव अधिकारी हरिवंश सचान व अनिल कुमार सिंह, चंद्र प्रकाश मिश्र की उपस्थित में 11 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की गई जिसमें सभी पदों के नामांकन पत्र सही पाए गए। किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र वापस नहीं लिया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए केवल एक नामांकन पत्र दाखिल हुआ था इसलिए ओम प्रकाश श्रीवास्तव को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इसी तरह संयुक्त सचिव प्रकाशन पद पर केवल एक नामांकन पद दाखिल हुआ था इसलिए कमलेश कुमार सिंह भदौरिया को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को सभी प्रत्याशियों की बैठक पुस्तकालय भवन में की जाएगी। वहीं आदर्श अधिवक्ता संघ ने ओम प्रकाश और कमलेश के निर्विरोध चुने जाने पर खुशी जताई है। पूर्व अध्यक्ष अमर सिंह राठौर, वर्तमान अध्यक्ष प्रेम शंकर त्रिवेदी, हंसराज सिंह, अभिलाष चंद्र त्रिवेदी आदि ने हर्ष जताया।
अधिवक्ता हित की बात के
साथ चुनावी नैया करेंगे पार
---- जिला बार एसोसिएशन चुनाव ----
अमर उजाला से बातचीत में अध्यक्ष और सचिव पद के प्रत्याशियों ने जताई मंशा
जिला बार एसोसिएशन के चुनावी मैदान में अध्यक्ष और सचिव पद के लिए नामांकन कराने वाले प्रत्याशियों का मुख्य एजेंडा अधिवक्ता हित के लिए संघर्ष करना है। अमर उजाला से बातचीत में प्रत्याशियों ने संघर्ष के दम पर चुनाव जीतने की मंशा जाहिर की, पेश है रिपोर्ट।
अधिवक्ता साथियों के हित के लिए संघर्ष ही अपना एजेंडा है। जो भी बजट प्राप्त होगा उसे अधिवक्ताओं के हित में खर्च किया जाएगा। कलेक्ट्रेट, सिविल कोर्ट में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी।- हितेंद्र बहादुर सिंह, अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी।
अधिवक्ता साथियों ने मौका दिया तो उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ी जाएगी। अधिवक्ता साथी की आकस्मिक मृत्यु पर उनके परिजन को पचास हजार की आर्थिक मदद की जाएगी। यदि अधिवक्ता के परिवार में बच्चे नाबालिक हैं तो विधवा को एक हजार से पांच हजार तक पेंशन बच्चों के बालिक होने तक दी जाएगी।- करन सिंह, अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी।
चुनाव जीतकर अध्यक्ष बना तो कचहरी को भ्रष्टाचार मुक्त बनाएंगे। एसोसिएशन के आय व्यय का एक एक हिसाब रखा जाएगा, जो किसी के भी पूछने पर सार्वजनिक की जाएगी। अधिवक्ता साथियों के हित के लिए काम करेंगे। मणि भूषण सिंह, अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी।
अधिवक्ता हितों के लिए चुनाव मैदान में उतरा हूं ताकि संघर्ष करके उनका अधिकार दिला सकूं। जिला बार एसोसिएशन के मद में जो बजट रहता है उसकी पाई पाई अधिवक्ताओं के हित में खर्च की जाएगी। बजट का दुरुपयोग नहीं होगा यदि अधिवक्ता साथी की मृत्यु होती है परिजनों को तत्काल पचास हजार की आर्थिक मदद दी जाएगी।- प्रमोद कुमार रायजादा, अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी।
युवा अधिवक्ताओं के हित के लिए काम किया जाएगा। अधिवक्ताओं का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। जिला बार एसोसिएशन के साथ कदम से कदम मिलाकर अधिवक्ताओं के अधिकार के लिए शासन प्रशासन से भी संघर्ष किया जाएगा।- मणि प्रकाश दुबे, सचिव पद के लिए प्रत्याशी।
कचहरी में बिजली, पानी, वाहन स्टैंड जैसी मूलभूत समस्याओं को गंभीरता से उठाएंगे। चुनाव में अधिवक्ता साथियों का सहयोग मिल रहा है। जिला बार एसोसिएशन को मजबूत करते हुए अधिवक्ताओं के हित के लिए काम करेंगे।- प्रवीण कुमार द्विवेदी, सचिव पद के लिए प्रत्याशी।
जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में सभी का सपोर्ट मिल रहा है। अधिवक्ता साथी के बीमार होने तुरंत आर्थिक मदद की जाएगी। यदि आकस्मिक मृत्यु होती है तो परिजन को पचास रुपये की मदद की जाएगी। जो भी जिला बार एसोसिएशन की आय होगी उसे पारदर्शिता अपनाते हुए बार एसोसिएशन के खाते में जमा कर अधिवक्ता हित में लगाया जाएगा। - गुरु प्रसाद, सचिव पद के लिए प्रत्याशी।