फतेहपुर। किशोरी का सिर काटकर हत्या के मामले में लखनऊ के गोसाईगंज से आए परिजनों ने मंगलवार को शव की पोस्टमार्टम हाउस में शिनाख्त की।
दो डाक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी में शव का पोस्टमार्टम किया। परिजनों ने बताया कि हत्यारोपी करीब एक पखवारे पहले तक उनसे मिलने पहुंचा था।
असोथर थाना क्षेत्र के सरवल गांव में शनिवार दोपहर सरसों के खेत से लखनऊ गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के आदमपुर नौबस्ता निवासी शिवानी पासवान (17) पुत्री स्व.सुक्खू का सिर विहीन शव बरामद हुआ था।
शिवानी की पहचान मंगलवार को मृतका के बहनोई गोसाईगंज थाने के कठवारा बरगदहापुरवा निवासी संतोष व अन्य परिजनों ने की है।
असोथर पुलिस ने मंगलवार दोपहर बरामद सिर को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया। संतोष ने बताया कि सेवरामऊ गांव का भोला दुबे उर्फ पंडित पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर ऊंचाहार प्लांट से राख उतारने ट्रक लेकर आता था।
करीब चार माह से चालक परिचित हो गया था। 20 नवंबर की रात उसके मोबाइल पर शिवानी ने फोन किया था। इस दौरान चालक ने शिवानी से उल्टी सीधी बात की थी।
यह बात शिवानी ने बताई थी। उसके बाद 25 नवंबर को शिवानी लापता हो गई। 26 को गोसाईगंज थाने में इसका मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने काल डिटेल चेक की।
जिसमें चालक भोला के नंबर से तीन-चार बार शिवानी से बातचीत होना सामने आया। शिवानी के गायब होने के बाद भी ट्रक लेकर चालक आता रहा।
पुलिस ने भोला को पूछताछ के लिए बुलाया था। उसने अपहरण की बात से मना किया था। पुलिस और परिवार के लोग गुमराह हो गए।
उन्हें लगा कि चालक ने अपहरण किया होता तो लौटकर बार-बार नहीं आता। कई बार उन लोगों से भोला से पूछताछ की थी। इधर एक पखवारे से वह ट्रक लेकर नहीं आया।
संतोष ने बताया कि शिवानी के लापता होने के बाद उसकी मां सुखरानी की तबियत बिगड़ गई है। घर में शिवानी का छोटा भाई गुलशन है।
परिवार की आर्थिक हालत बेहद नाजुक है। इधर, असोथर पुलिस की जांच में भोला का चचेरा भाई अमित दुबे बीडीसी सदस्य निकला है।
पुलिस भोला, अमित और दादों के खालिक उर्फ मुन्ना से पूछताछ में जुटी है। सीओ अनिल कुमार ने बताया कि दो डाक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया है। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए स्लाइड बनवाई गई है।
शिवानी की फाइल फोटो- फोटो : FATEHPUR