जाफरगंज। डिघरुवा गांव में रोड किनारे स्थित 1008 विशंभरानंद आश्रम की दीवार गुरुवार रात अराजकतत्व ने गिरा दी। सुबह जब लोगों को यह बात पता चली तो वहां भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इस अराजकता को लेकर नाराजगी जताई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
जाफरगंज थानाक्षेत्र के डिघरुवा गांव में रोड किनारे यह आश्रम कई वर्षों से बना हुआ है। विशंभरानंद महाराज सती धाम बिंदौर सच्चिदानंद महाराज के शिष्य हैं। इस आश्रम के संत ने आरोप लगाया कि गुरुवार रात गांव के ही एक व्यक्ति व उनके दो पुत्रों द्वारा जमीन पर कब्जा करने की नियत से आश्रम परिसर की दीवार गिराई गई है। सुबह लोगों की भीड़ यहां जमा हुई तो सूचना मिलने पर कार्यवाहक थाना प्रभारी रमाकांत गिरी पहुंचे और लोगों को शांत
किया। पुलिस द्वारा दीवार बनाने की बात कही गई। जब आश्रम के संत गिरी हुई दीवार की ईंटे उठाकर रखने लगे तो दूसरे पक्ष ने गाली-गलौज शुरू कर दी। ऐसे में आश्रम के प्रति श्रद्धा रखने वाले गांव के सुनील, रमाकांत, अनिल कुमार, गोरेलाल, शिवकुमार, सुरेंद्र अवस्थी आदि वहां आ गए और गाली-गलौज का विरोध किया। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।