फतेहपुर। दुबई की सैर करने वाले भाग्यशाली छात्र के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई। कक्षा 11 और 12 के 20 मेधावियों में साक्षात्कार के माध्यम से भाग्यशाली का चुनाव होगा। पहले नंबर के मेधावी के दुबई जाने से मना करने पर दूसरे को मौका मिलेगा। सीडीओ की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय कमेटी आठ नवंबर को विकास भवन में साक्षात्कार के माध्यम से चुनाव करेगी।
नीति आयोग सरकारी खर्चे से जिले के एक मेधावी बच्चे को दिसंबर महीने में दुबई की सैर कराएगा। भाग्यशाली मेधावी का चयन कक्षा 11 और 12 में पढ़ने वाले टॉपटेन मेधावियों में से किया जाएगा। टॉपटेन सूची दोनों कक्षाओं के बच्चों के कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम की मेरिट से बनाई गई है। इस तरह से दोनों कक्षाओं के 10-10 मेधावी चयन प्रक्रिया में शामिल होंगे। इन सभी मेधावियों में भाग्यशाली का चयन आठ नवंबर को विकास भवन में साक्षात्कार के माध्यम से किया जाना है। साक्षात्कार सीडीओ सत्यप्रकाश की अध्यक्षता वाली कमेटी लेगी। कमेटी में डीआईओएस और डीएम से मनोननीत एक प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं।
डीआईओएम महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों कक्षाओं की टॉपटेन सूची में 20 छात्र शामिल हैं। इन सभी को आठ नवंबर को सुबह 10 बजे विकास भवन में साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है। साक्षात्कार में दो छात्रों का चयन किया जाएगा। किसी कारणवश प्रथम मेधावी के दुबई जाने से मना करने पर दूसरे भाग्यशाली को दुबई जाने का मौका मिलेगा।