चौडगरा। प्रेमी के घर पर युवती का शव मिला। परिजनों ने प्रेमी के घरवालों पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि प्रेमी व उसके परिजन घर से फरार हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती (18) का पड़ोसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गुरुवार देर रात युवती अचानक घर से गायब हो गई। शुक्रवार तड़के युवती के परिजनों को प्रेमी के घर पर युवती के मौजूद होने की जानकारी मिली।
परिजन प्रेमी के घर पहुंचे, तो वहां युवती का शव पड़ा मिला। प्रेमी का पूरा परिवार घर से गायब था। युवती को लेकर परिजन तांत्रिक के पास गए, लेकिन तांत्रिक ने भी मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
युवती के पिता ने बताया कि प्रेमी शराब के नशे में रोज परेशान करता था। घटना की जानकारी पर बिंदकी सीओ परशुराम त्रिपाठी भी फोर्स के साथ पहुंचे। थाना प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह राजपूत ने बताया कि प्रेमी के घर से युवती का शव मिला है। जांच की जा रही है।
चौडगरा। प्रेमी की बहन ने पुलिस को बताया कि युवती को उसके माता-पिता ने पीट-पीटकर मार डाला है और हमारे घर में शव जबरन रखकर उसके भाई को फंसाने का षड़यंत्र रचा जा रहा है।
.