फतेहपुर। मानसूनी बारिश के साथ किसानों ने खेतीबाड़ी का काम तेज कर दिया है। असिंचित इलाकों के खेतों में पर्याप्त नमी होने से किसान बुआई में जुट गए हैं। वहीं मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
खरीफ में सबसे ज्यादा क्षेत्रफल में धान की खेती होती है।
असिंचित इलाकों में किसान अरहर, तिल, ज्वार, बाजरा, मक्का की बुआई करते हैं। किसान फसलों की बुआई में जुट गए हैं। शहर में सुबह 10 बजे हल्की बारिश हुई। वहीं थरियांव इलाके में सुबह और दोपहर को तेज बारिश हुई। इससे धान की रोपाई करने वाले किसानों को फायदा हुआ है। किशनपुर, नरैनी क्षेत्र में मध्यम बारिश हुई। इससे किसानों ने अरहर, ज्वार, तिल की फसलों की बुआई शुरू कर दी है।
कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ सचिन कुमार शुक्ला का कहना है कि मानसून 19 जून को जिले में दस्तक दे चुका है। जिन किसानों ने देर में धान की नर्सरी बोई, वह उर्वरक का छिड़काव करा दें। किसान ज्वार, अरहर, तिल की बुआई शुरू कर दें। एक सप्ताह तक जिले में मानसून सक्रिय रहेगा। वहीं जिला कृषि अधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि किसान अपने ब्लाक क्षेत्र के राजकीय बीज भंडार से बीज खरीदें।
जिले में फसल बुआई का लक्ष्य
.....................................................
फसल - क्षेत्रफल
................................................
धान 81726 हेक्टेयर
ज्वार 11604 हेक्टेयर
बाजरा 6872 हेक्टेयर
मक्का 464 हेक्टेयर
उर्द 9281 हेक्टेयर
मूंग 1770 हेक्टेयर
अरहर 14632 हेक्टेयर
तिल 12793 हेक्टेयर
मूंगफली 316 हेक्टेयर