फतेहपुर। बारिश के साथ तेज हवा से कई जगह पर हाईटेंशन लाइन में फाल्ट हुए और आपूर्ति ठप हो गई। हथगाम क्षेत्र में चौकी चौराहे के पास मंगलवार रात 33 केवीए लाइन का तार टूट गया। इससे 40 गांवों की आपूर्ति बंद हो गई। लाइनमैनों ने बुधवार को फाल्ट सही किया, तब दोपहर में आपूर्ति बहाल हो सकी।
महिचा उपकेंद्र के संवत फीडर से जुड़ा एक खंभा सुबह टूट गया। इससे रखेलपर, अजईपुर, चांदपुर, हरिहरपुर, बुसरहा, रसूलपुर, पलवा गांवों की बिजली गुल हो गई। बुधवार शाम तक खंभा नहीं बदला जा सका। इससे लोगों की दिक्कतें बढ़ गईं।
अवर अभियंता आरएन यादव ने बताया कि दिनभर बारिश होती रही। दूसरा खंभा लगाकर जल्द ही आपूर्ति बहाल कराई जाएगी। औंग प्रतिनिधि के अनुसार, दुर्गागंज उपकेंद्र के गलाथा व औंग फीडर में मंगलवार तीन बजे फाल्ट हो गया। इससे 30 गांवों को बिजली आपूर्ति बंद हो गई। गलाथा पंप कैनाल, स्थानीय फैक्टरियों, कारखानों की आपूर्ति बाधित हैं। जेई रवि कुमार ने बताया बारिश बंद होने के बाद फाल्ट सही कराया जाएगा।