फतेहपुर। जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर बृहस्पतिवार को लेखपाल भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा एक पाली में होगी और सभी केंद्रों पर सुरक्षा व निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं। परीक्षार्थियों से अधिक किराया वसूलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा में 2654 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनकी परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। स्टैटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में पूरी परीक्षा संपन्न होगी।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा देने आने वाले परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर खानपान की वस्तुओं के अधिक दाम वसूलने या वाहन चालकों द्वारा ज्यादा किराया लेने की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
एएस इंटर कॉलेज शांतिनगर, डॉ. भीमराव आंबेडकर बालिका स्नातकोत्तर महाविद्यालय, महात्मा गांधी पीजी कॉलेज शांतिनगर, मुस्लिम इंटर कॉलेज, पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज और श्री निरंकारी गर्ल्स इंटर कॉलेज में परीक्षा आयोजित की जाएगी।