खागा। ऋण रिकवरी प्रक्रिया को लेकर हुए पुराने विवाद में बुधवार शाम तीन युवकों ने बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) विजयीपुर ब्रांच के क्रेडिट ऑफिसर की कार पर पथराव कर दिया। कार रुकने पर आरोपितों ने अफसर के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित अधिकारी की तहरीर पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एलडीएम भी कोतवाली पहुंचे।
कानपुर नगर के 445 आवास विकास निवासी अजय आनंद यादव बीओबी विजयीपुर ब्रांच के ऋण विभाग में क्रेडिट अफसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने तहरीर में बताया कि बुधवार शाम कार से कानपुर के लिए निकल रहे थे।
रात लगभग आठ बजे जैसे ही वह खागा के एक होटल के पास पहुंचे तो विजयीपुर निवासी विवेक द्विवेदी दो साथियों के साथ वहां मौजूद मिला। तीनों ने अचानक कार पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
इंस्पेक्टर आरके पटेल ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। घटना के पीछे पुराने विवाद को वजह बताया जा रहा है।