फतेहपुर। हथगाम व बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया है। चोर करीब 10 लाख का माल चुरा ले गए है। पुलिस ने मामलों की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ललईपुर परादान गांव निवासी नीतू देवी ने बताया कि पति राजेश और पुत्र अमन बाहर नौकरी करते हैं। वह पुत्री प्रिया के साथ सोमवार को खाने के बाद बरामदे में सोयी थी। उसने मंगलवार सुबह कमरे का ताला टूटा देखा। कमरे में रखी अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे 30 हजार रुपये व ढाई लाख से अधिक कीमत के जेवरात गायब थे। पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उधर, हथगाम थाने के कस्बा निवासी नरेंद्र मौर्या थरियांव मार्ग पर रहते हैं। उनकी घर के नीचे हिस्से में कॉस्मेटिक की दुकान है। वह मंगलवार को शादी समारोह में शटर में ताला लगाकर गए थे। चोर ताला तोड़कर दुकान के माल व नकदी में हाथ साफ करने के बाद कमरे तक पहुंचे। कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर सात लाख कीमत के जेवरात चुरा ले गए। शातिर चोर डीवीआर व सीसी कैमरा भी चुरा ले गए।