जाफरगंज। देवरी चौकी क्षेत्र के बलियाबाग गांव में गुरुवार रात चोरों ने चंद्रपाल यादव, कामता यादव और नरेंद्र यादव के घरों को निशाना बनाया। वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने तीनों घरों में घुसकर घरवालों को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। तीनों घरों से 14 लाख के जेवर और 95 हजार की नकदी चोरी हुई है।
चोर सबसे पहले बलियाबाग निवासी चंद्रपाल यादव के घर के पीछे खंडहर से छत पर चढ़कर जीने के रास्ते आंगन में पहुंचे। सो रहे परिजनों को नशीला पदार्थ सुंघाकर कमरे की कुंडी बाहर से बंद करके दूसरे कमरे का ताला तोड़ बक्से में रखे 35 हजार रुपये, तोड़िया, चैन, पायल, हाफ पेटी, झुमकी सहित करीब छह लाख के जेवरात चोरी कर ले गए।
इसके बाद बगल में स्थित कामता यादव के घर को निशाना बनाया। उनकी छत से जीने के रास्ते अंदर घुसे। कमरे में सो रहे परिजनों को पहले नशीला पदार्थ सुंघाया फिर बाहर से कुंडी बंद कर दी। दूसरे कमरे का ताला तोड़कर अलमारी से दस हजार नकद, हार, झाला, चेन, पायल, मंगलसूत्र, चांदी के 10 सिक्के लगभग छह लाख के जेवर ले गए।
इसी प्रकार पड़ोसी नरेंद्र यादव के घर से भी चोर 50 हजार रुपये, तीन लाख के जेवरात ले गए। उनके परिवार को भी नशीला पदार्थ सुंघाकर बाहर से कुंडी लगा कमरे में बंद कर दिया। कामता का पुत्र खेत से पानी लगाकर भोर तीन बजे घर लौटा। मां को दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई। काफी समय तक कोई प्रतिक्रिया नहीं होने पर पड़ोसी देवकरण की छत से घर पहुंचा। कमरे के बाहर से लगी कुंडी खोली। गहरी नींद में सो रहे परिजनों को जगाया।
तीनों घरों के पीड़ितों ने बताया कि इतनी गहरी नींद थी कि कुछ नहीं जान पाए। जागने के बाद से सभी का सिर दर्द हो रहा है। थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।
..........................