संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। पति को तुर्किए भेजने के नाम धनीपुर की राजन निशा से चार ठगों ने डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। कोर्ट के आदेश पर ललौली थाने में गुरुवार रात शादाब, इरफान, नफीस और मकसूद पर रिपोर्ट दर्ज हुई है।
ललौली थाना क्षेत्र के धनीपुर निवासी राजन निशा ने आरोप लगाया कि उसका पति शकील अहमद बेरोजगार है। उसने पासपोर्ट बनवाया था। इसी दौरान उसकी मुलाकात मौसा ससुर बिंदकी कोतवाली के जोनिहा निवासी जुम्मन से हुई। उन्होंने बताया कि उनका बेटा इरफान और उसका साथी शादाब विदेश भेजने का काम करते हैं।
शकील जोनिहा में नफीस की दुकान गया। वहां पर मकसूद, उसका बेटा शादाब, इरफान पुत्र नफीस मौजूद थे। तुर्किए भेजने के नाम पर इन लोगों ने दो लाख रुपये मांगे। डेढ़ लाख रुपये पर बात तय हुई। 10 अक्तूूबर 2023 को नफीस और मकसूद की गारंटी पर 50 हजार रुपये शादाब और इरफान को दिए। दोबारा 16 अक्तूूबर 2023 और छह नवंबर 2023 को 50-50 हजार रुपये और दिए गए। 19 दिसंबर 2023 को शादाब ने उसके फोन पर दिल्ली से दुबई जाने का टिकट भेजा।
शकील दिल्ली एयरपोर्ट पहुंसा तो वहां टिकट फर्जी बताया गया। उसके बाद धोखाधड़ी का पता लगा। शादाब, इरफान, नफीस और मकसूद से उसने रुपये मांगे, तो उन्होंने धमकी दी। महिला ने बताया कि पुलिस के रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर ललौली पुलिस ने शादाब, इरफान, नफीस और मकसूद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी वृंदावन राय ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
.....................