फोटो-26-कप के साथ मौजूद विजेता टीम। संवाद
थरियांव। हसवा विकासखंड के रामपुर थरियांव प्रीमियर लीग टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को खेला गया। खिताबी मैच कुलदीप इलेवन और कोर्रा इलेवन के बीच हुआ। इसमें कुलदीप इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विजेता टीम को कप और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
फाइनल में कुलदीप इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 16 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोर्रा इलेवन की टीम 15 ओवर में 136 रन पर सिमट गई। इस तरह कुलदीप इलेवन ने 48 रनों से जीत दर्ज की।
मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए आशू खान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। बॉबी को मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार मिला। मुख्य अतिथि शिवम पांडे और विकास पासवान ने विजेता टीम को 51 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की। उपविजेता टीम को 25 हजार 500 रुपये और ट्रॉफी दी गई। बेस्ट बॉलर का अवार्ड कोर्रा इलेवन के गेंदबाज दीप को मिला।
मैच की कमेंट्री हंसराज ने की। पहले अंपायर शिवधेश मौर्य, दूसरे अंपायर अमित सिंह और थर्ड अंपायर लखन सिंह रहे। इस अवसर पर रामपुर थरियांव के प्रधान अनूप सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।