विधानसभा 2017 में बसपा को जिले में करारा झटका लगा है। शनिवार को खागा में विधानसभा अध्यक्ष सहित सेक्टर व बूथ के 32 पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा जिलाध्यक्ष को भेज दिया है। यह लोग घोषित प्रत्याशी सुनील गौतम को बाहरी प्रत्याशी बताकर विरोध कर रहे हैं।
विधानसभा क्षेत्र के अहमदगंज तिहार गांव में विधानसभा इकाई अध्यक्ष सूरजपाल गौतम की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में विचार-विमर्श के बाद सामूहिक इस्तीफा देने का फैसला लिया गया। पदाधिकारियों ने विधानसभा क्षेत्र से सुनील कुमार गौतम को प्रत्याशी घोषित करने का विरोध करते हुए क्षेत्रीयप्रत्याशी बनाए जाने की मांग की है। विधानसभा इकाई अध्यक्ष ने कहा कि घोषित प्रत्याशी बिंदकी विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं। क्षेत्र में इनका कोई राजनैतिक वजूद नहीं है। पार्टी गठन के बाद से पार्टी की सेवा करने वाले क्षेत्रीय लोगों को पूरी तरह से नजरंदाज किया गया है।
विधानसभा इकाई अध्यक्ष सहित महासचिव जितेंद्र कुमार, डा.दीप गौतम, बोड़ीपाल,मोहनलाल, रामबाबू राय,बिनोद गौतम, उमेश गौतम, रामकृपाल गौतम, अरविंद गौतम, राधेश्याम, श्रीचंद्र, मूलचंद्र, अमरनाथ, रिंकू गौतम, भीमसेन, रामदास गौतम, लालिता प्रसाद, रामचंद्र, नथन, श्यामलाल, चंद्रराखन गौतम, राम खेलावन, राजेश कुमार, बुद्धसेन, धर्मपाल आदि 32 पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा दिया है। दूसरी ओर जिलाध्यक्ष सीताराम का कहना है कि वह इस समय नेता प्रतिपक्ष के कार्यक्रम में हैं, उन्हें जानकारी नहीं है कि किसी ने सामूहिक इस्तीफा भेजा है। इस्तीफा मिलने पर विचार-विमर्श कर फैसला लिया जाएगा।