फोटो-26-दूधी कगार मोड पर लगा जाम। संवाद
चौडगरा। प्रयागराज में मकर संक्रांति स्नान के कारण बुधवार को कानपुर-प्रयागराज हाईवे के दूधी कगार मोड़ पर बैरिकेडिंग लगाकर भारी वाहनों को रोकने से लंबा जाम लग गया। जाम में प्रयागराज जाने वाले छोटे चार पहिया वाहन भी फंस गए। इससे लोगों को घंटों रुकना पड़ा।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर पुलिस ने कानपुर से जनपद की ओर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए बैरिकेडिंग लगाई। भारी वाहनों की अधिक संख्या के कारण पूरा हाईवे जाम हो गया। जाम में फंसे छोटे वाहन भी परेशान हुए और सर्विस रोड पर लंबी कतारें बन गईं।
मार्ग परिवर्तन से दूधी कगार मोड़ से भारी वाहनों को केवल बक्सर की ओर जाने की अनुमति दी गई है। गिट्टी और मौरंग लदे वाहन मुरादीपुर से मौहार ओवरब्रिज के नीचे से होकर बक्सर की तरफ भेजे जा रहे हैं।
ड्यूटी पर तैनात एसएसआई रविशंकर यादव ने बताया कि भारी वाहनों के प्रयागराज जाने पर पाबंदी है। बक्सर मार्ग से ही लखनऊ, बाराबंकी और रायबरेली होते हुए वाराणसी के लिए यातायात संभव है। इमरजेंसी वाहनों और छोटे वाहनों को जाम से निकालकर सीधे प्रयागराज जाने की सुविधा दी जा रही है।
फोटो-26-दूधी कगार मोड पर लगा जाम। संवाद