फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के पौरनपुर गांव में एक युवक के साथ कार खरीदने के नाम पर 3.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई। आरोपी ने वाहन अपने भतीजे के नाम पर खरीदा और युवक को गारंटर बना दिया। इससे वह सऊदी अरब में फंस गया।
पुलिस को दी शिकायत में अब्दुल अजीज ने बताया कि उनके पुत्र मोहम्मद उमर को दोस्त जुल्फकार खान उर्फ भूटटू गाड़ी खरीदने का झांसा देकर सऊदी अरब के रियाज शहर ले गया। यहां 3.50 लाख रुपये लेकर जुल्फकार ने वाहन अपने भतीजे राशिद के नाम पर खरीदा और पुत्र को गारंटर बना दिया।
राशिद के किस्त न भरने पर बैंक से बकाया नोटिस आया। इससे युवक सऊदी अरब में फंस गया। जुल्फकार ने रुपये जमा करने के लिए दबाव डालने पर गाली-गलौज और झूठी प्राथमिकी दर्ज कराने की धमकी दी। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।