चौडगरा। गुगौली हाईवे पर शुक्रवार सुबह बक्सर रोड की ओर मुड़ रहे डंपर में पीछे से डीसीएम ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम के केबिन में चालक फंस गया। किसी तरह केबिन तोड़कर बेहोशी की हालत में चालक को बाहर निकाला गया। इस बीच गुगौली-बक्सर हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। चालक डंपर लेकर भाग निकला।
कल्यानपुर थानाक्षेत्र के गुगौली हाइवे पर जा रहा डंपर अचानक बक्सर रोड पर मुड़ने लगा। तभी कानपुर की तरफ से आ रही डीसीएम डंपर से टकरा गई। डीसीएम का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें चालक अनिल कुमार श्रीवास्तव निवासी गाजीपुर फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बक्सर रोड पर जाम लग गया। अन्य चालकों ने मिलकर केबिन को तोड़कर चालक अनिल को बाहर निकाला।
पुलिस ने घायल को पीएचसी गोपालगंज में भर्ती कराया। चालक के पैर में फ्रैक्चर होने की वजह से जिला अस्पताल रेफर किया गया। डीसीएम भाड़ा लेकर इंदौर से शिवान जा रही थी। प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा ने बताया डीसीएम खड़ी कराई गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।