फतेहपुर। जिला कारागार में अक्तूबर 2020 से निरुद्ध बंदी की बीमारी के कारण मौत हो गई।
किशनपुर थानाक्षेत्र के गढ़ा गांव निवासी संतोष कुमार तिवारी (56) वर्ष 1996 में खागा बस स्टाप पर हुए तिहरे हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा पाकर 19 अक्टूबर 2020 को कारागार में निरुद्ध हुए थे। उनके साथ 14 अन्य आरोपी भी निरुद्ध हुए थे। उन्हें बैरक नंबर 12-बी में रखा गया था। शनिवार की रात करीब डेढ़ बजे उनकी तबीयत बिगड़ी तो उन्हें जेल अस्पताल में लाया गया। उन्हें सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ थी।
डॉक्टर ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल ले जाने को कहा। उन्हें सुबह करीब तीन बजकर 19 मिनट पर गार्द अभिरक्षा में जिला अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टर ने जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुबह इसकी सूचना जेल प्रशासन ने परिजनों को दी। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।