फतेहपुर। भूमि विवाद के मामले में शनिवार को समाधान दिवस में दो पक्ष पहुंचे। तभी थाने में इंटेलीजेंस विंग प्रभारी पहुंचे। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष से इंटेलीजेंस विंग प्रभारी के आने और गाली-गलौजकर धमकाने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया में इस प्रकरण का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस हुई। विंग प्रभारी धमकी भरे अंदाज में नजर आए। खड़े होकर भूमि की पैमाइश कराने का दावा कर दिया है। वीडियो महकमे में चर्चा का विषय बना है। लोग सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह की टिप्पणी कर रहे हैं।
मलवां थाने के कोराईं निवासी वकील आदित्य शर्मा और अजय अजीत सिंह के बीच कोराईं हाईवे मोड़ की बेशकीमती भूमि को लेकर कई दशक से विवाद है। भूमि पर आदित्य शर्मा का कब्जा है। कुछ समय पहले अजय अजीत सिंह पक्ष का भूमि पर दाखिल खारिज हो चुका है। इधर, आदित्य शर्मा पक्ष ने न्यायालय सिविल जज जूनियर डिवीजन कोर्ट में बैनामा खारिज व स्टे आदेश के लिए वाद दाखिल किया है। समाधान दिवस पर दोनों पक्ष थाने पहुंचे। आदित्य शर्मा का आरोप है कि थाने में अचानक इंटेलीजेंस विंग प्रभारी अरुण चतुर्वेदी पहुंचे। उन पर हमलावर होते हुए डराया व धमकाया। गाली गलौज कर भूमि पर कब्जे की धमकी देकर निर्माण गिरवाने की धमकी दी। थाने में हंगामे का वीडियो वायरल हुआ है। अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। आदित्य शर्मा ने मामले की मुख्यमंत्री व अन्य अधिकारियों को पत्र भेजकर शिकायत की है। इंटेलिजेंस विंग प्रभारी अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि वह सिर्फ टीम बनवाकर भूमि की पैमाइश कराने की बात कहने गए थे। किसी से भी गाली गलौज नहीं की है। उनकी कोई निजी हिस्सेदारी का मामला नहीं है। वह कानून और सत्य के साथ हैं।