फतेहपुर जिले में ट्रामा सेंटर के स्वास्थ्य कर्मियों पर किशोरी के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। गुरुवार को किशोरी की मां ने जिला अस्पताल चौकी में तहरीर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कराने में जुटी है।
शाम को सीओ सिटी भी जांच करने पहुंचे। गाजीपुर थानाक्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक महिला 16 साल की बेटी को लेकर एक अगस्त रात करीब 11 बजे जिला अस्पताल पहुंची थी। ट्रामा सेंटर में किशोरी को भर्ती कराने के बाद डॉक्टर ने महिला वार्ड भेज दिया था।
किशोरी की मां ने बताया रात करीब दो बजे पुत्री के हाथ में लगे वीगो से खून निकलने लगा और सूजन आ गई। महिला वार्ड में कर्मी न होने पर उसने ट्रामा सेंटर में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों को बेटी की हालत की जानकारी दी। स्वास्थ्य कर्मियों ने बेटी को लेकर आने के लिए कहा।
वह बेटी को लेकर ट्रामा सेंटर पहुंची तो कर्मियों ने उससे एक बोतल पानी मंगाया। महिला कुछ देर बाद पानी लेकर लौटी और बेटी को महिला वार्ड ले गई। जहां बेटी ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों ने गलत नीयत से हाथ लगाया था। किशोरी ने आरोपियों के सामने आने पर पहचानने की बात कही।
महिला ने बताया बेटी का इलाज कराने के चलते पुलिस से शिकायत नहीं की थी। सीओ सिटी संजय सिंह ने बताया एक अगस्त की रात ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को बुलाया गया है। उनकी पहचान कराई जाएगी। मुकदमा दर्ज करने के लिए कोतवाली पुलिस को तहरीर भेजी गई है।