फतेहपुर। कोरोना के अब बाद डेंगू ने स्वास्थ्य विभाग को चिंता में डाल दिया है। इस माह डेंगू का तीसरा रोगी मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप है। शनिवार को सपा नेत्री अन्नू मिश्रा को डेंगू की पुष्टि होने पर लखनऊ एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, अभी तक चार लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है और इनमें एक की मौत भी हुई है।
डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बाढ़ से प्रभावित 28 गांवों में अलर्ट जारी किया है। एंटी लार्वा का छिड़काव शुरू कराया है। हथगाम के मकदूमपुर निवासी बृजेश सिंह की जांच में 16 अगस्त को डेंगू की पुष्टि हुई।
चूंकि बृजेश डेंगू के साथ ही कोरोना पाजिटिव भी थे, इसलिए इन्हें किसी अस्पताल ने भर्ती नहीं किया। बाद में इलाज के अभाव में इनकी मौत हो गई। इसके बाद 28 अगस्त को घूरी बुजुर्ग निवासी अभय प्रताप सिंह को डेंगू होने की पुष्टि हुई। इस तरह से इन मरीजों के गांवों में एंटी लार्वा और फागिंग का काम चल रहा है। शनिवार को मलवां ब्लाक के कोरसम गांव निवासी सपा नेत्री अन्नू मिश्रा में डेंगू की पुष्टि हुई है। उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चार ब्लाकों में बीमारी फैलने की आशंका
बिंदकी तहसील में क्षेत्र में डेंगू पैर पसार रहा है। फरवरी में जहानाबाद में मिले डेंगू पीड़ित को शामिल कर लें तो इस साल चार लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। इनमें तीन बिंदकी तहसील क्षेत्र के हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इसी तहसील क्षेत्र के मलवां, अमौली, देवमई और खजुहा ब्लाक क्षेत्रों में डेंगू रोगी मिलने की आशंका जताई है।
इन गावों में अलर्ट
रोटी, बुढवां, सरांय, चांदपुर, मंगलपुर टकौली, नोनारा, बाबूपुर, नसेनियां, आजमपुर गढवा, सरांय धरमपुर, जलालपुर, नेवरी, पटारी, लंगर, देवमई खास, कंजरन डेरा, चिल्ली, बेटा, घनश्यामपुर, सिठर्रा, द्वारिकापुर जट, अमजदपुर, गहरूखेड़ा, दरियापुर, शिवरी, बहरौली में अलर्ट जारी किया गया है।