फतेहपुर। दो लाख के कर्ज का 10 लाख चुकाने के बाद भी सूदखोरों से प्रताड़ित होने का आरोप लगाकर युवक ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। परिजन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक के पास से परिजन को सुसाइड नोट मिला है।
कोतवाली क्षेत्र के रामगंज पक्का तालाब निवासी शिवकुमार सोनी पूर्व में सराफा कारोबारी था। उसने सुसाइड नोट में बताया कि मसवानी मोहल्ले के एक युवक और एक ब्यूटीपार्लर संचालिका से वर्ष 2018 में दो लाख रुपये ब्याज पर उधार लिए थे।
दो लाख की जगह ब्याज समेत करीब 10 लाख रुपये दे चुका है। इसके बाद वह रुपये मांगते हैं। रुपये न देने पर पिटाई करते हैं। आरोप है कि मंगलवार रात कुछ साथियों के साथ उससे गाली गलौज की। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि शिकायत आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।