जाफरगंज। मऊदेव चौराहे पर सात माह से चल रहे भूमि विवाद पर प्रशासन ने शुक्रवार को कार्रवाई की। विवादित जमीन से हनुमान जी की मूर्ति हटवाकर भरथरी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ प्रतिष्ठापित किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि मूर्ति हमारी आस्था का प्रतीक है, जिसे बिना सर्वसम्मति के हटाया गया है। वहीं अधिकारियों का तर्क है कि भूमि विवाद के चलते क्षेत्र में बार-बार तनाव की स्थिति बन रही थी। इसे देखते हुए यह कदम उठाया गया है। शुक्रवार को मौके पर एसडीएम दुर्गेश यादव, तहसीलदार अचलेश सिंह, जाफरगंज सीओ दुर्गेश दीप, चांदपुर थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह, जाफरगंज प्रमोद कुमार राव पुलिस बल के साथ पहुंचे। अफसरों की मौजूदगी में मूर्ति सुरक्षित ढंग से लेजाकर पूजा-पाठ कर गहरूखेड़ा के प्राचीन शिव मंदिर भरथरी में स्थापित की गई। एसडीएम ने बताया जिस जमीन पर मूर्ति रखी थी, वह सरकार की है। इससे दो पक्षों में विवाद हो रहा था। इसलिए मूर्ति हटाकर मंदिर में प्रतिष्ठापित की गई है।