फतेहपुर। सपा जिलाध्यक्ष विपिन सिंह ने कहा कि भाजपा के दबाव में पुलिस बिना किए अपराध की धाराओं में सपाइयों पर रिपोर्ट दर्ज कर रही है। नगर पालिका चेयरमैन पुत्र सभासद हाजी रजा के साथ हुई मामूली मारपीट में जान से मारने का प्रयास और डकैती जैसी धाराओं में रिपोर्ट दर्ज किया जाना सरासर गलत है।
मंगलवार को पार्टी जिला कार्यालय में सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरेआम भाजपाई जमीनों पर अवैध कब्जे कर रहे हैं। पुुलिस को यह सब दिखाई नहीं पड़ रहा। घर में घुसकर मारपीट करने वाले और जमीनों पर कब्जा करने वालों को प्रशासन सम्मानित कर रहा है। सपाइयों की थोड़ी गलती पर पुलिस तिल को पहाड़ का रूप दे रही है। सरेआम गाली गलौज करने वाले भाजपा कार्यकर्ता से सिर्फ धक्का मुक्की हुई है।
इस पर संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज किया जाना पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। इस मौके पर हाजी रफी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, अशोक सिंह एडवोकेट, सभासद अरुण यादव मौजूद थे। इसके बाद सपाई एसपी से मिले और न्याय की मांग की।