फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के लौगांव के पास खड़े ट्रक से टकराने में युवकों की मौत से उनके परिवारीजनों का हाल बेहाल हो गया। हादसे में सगी बहनें विधवा हुई हैं।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी देवेंद्र (27) और मोहनलाल (32) निवासी मोहनापुर थाना थरियांव रिश्ते में साढ़ू थे। बाइक से सुकेती निमंत्रण में शनिवार रात जा रहे थे।
औगासी रोड पर लौगांव मोड़ पर रोड किनारे मौरंग उतार रहे ट्रक में टकराने से दोनों की मौत हो गई थी। दोनों के शवों का रविवार को पोस्टमार्टम हुआ। मृतक देवेंद्र के पिता रमेशचंद्र लोधी बेटे की मौत से बदहवास दिखे।
उनके चार बेटों में देवेंद्र तीसरे नंबर का था। मजदूरी करता था। करीब डेढ़ साल पहले अल्पना के साथ शादी हुई थी। मृतक मोहनलाल के पिता रामकिशन और भाई झल्लर, नरेश का हाल बेहाल रहा।
मोहनलाल सबसे बड़ा बेटा था। उसकी शादी अल्पना की बड़ी बहन कल्पना से हुई थी। उसकी एक साल की बेटी हेमा है। बहनों के पिता रामसागर ने बताया कि उनकी बेटियों की जिंदगी दामादों की मौत से बर्बाद हो गई है। एक साथ दोनों बेटियां विधवा हो गई।
थानाध्यक्ष संगमलाल प्रजापति ने बताया कि चालक का पता नहीं लगा है। ट्रक थाने में खड़ा कराया गया है। चालक मौके से भाग निकला है।