हसवा। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर थरियांव थाना क्षेत्र के बीबीहाट के पास रविवार रात ट्रैक्टर और पिकअप की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे मेें दोनों वाहनों के चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा है।
हुसैनगंज थाने के चांदपुर गांव निवासी शिवम (24) थरियांव से बिजली उपकरण का भाड़ा उतारकर लौट रहा था। इधर से मलवां थानाक्षेत्र के नसीरपुर बेल्वारा निवासी विजय कुमार (35) ट्रैक्टर चालक और मजदूर तेलियानी गांव निवासी सत्येंद्र (25), दीपू (26) भूसा लादने एकारी गांव जा रहे थे।
बीबीहाट मोड़ पर ट्रैक्टर गलत दिशा में होने की वजह से पिकअप से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे। ट्रैक्टर सवारों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। करीब एक घंटे से पिकअप में फंसे चालक को निकालने में लग गए।
हादसे से एक घंटे तक हाईवे जाम रहा। वाहनों को हाईवे से हटवाने के बाद यातायात बहाल हो सका। सीओ सिटी डीसी मिश्रा मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि घायलों को भर्ती कराया गया है। यातायात भी बहाल कराया गया है।