बहुआ। ललौली थाना क्षेत्र के मुत्तौर बाजार में रविवार रात चोरों ने थोक किराना दुकान के शटर का ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये कीमत का सामान पार कर दिया। चोर पान मसाले की बोरियां, सिगरेट के बंडल, काजू, बादाम समेत अन्य कीमती किराना सामान उठा ले गए।
सोमवार सुबह दुकान पहुंचने पर टूटे ताले देखकर दुकानदार के होश उड़ गए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। मुत्तौर निवासी संदीप कुमार की बाजार में थोक किराना की दुकान है। वह रविवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात में चोरों ने शटर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और सामान समेट ले गए।
सुबह संदीप दुकान पहुंचे तो शटर का ताला टूटा और सामान बिखरा मिला। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार राव, उपनिरीक्षक रोहित कुमार, सीओ जाफरगंज अवनीश कुमार, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाॅड ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जल्द चोरों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।