खखरेरू। थाना क्षेत्र के पौली गांव से आधा किलोमीटर दूर बनियान तारा अमृत सरोवर तालाब से रविवार शाम एक करीब 22 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ। युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव फेंकने की शंका जताई गई है। युवती जींस और टीशर्ट पहने है। शव की पहचान नहीं हो सकी है।
खागा दामपुर मार्ग पर तालाब है। कयास लगाए गए कि शव करीब 15 से 20 दिन पुराना है। शव फेंकने के समय तालाब में पानी भरा था। पानी सूखने पर शव का आधा हिस्सा बाहर निकला, तभी शाम को ग्रामीणों ने शव देखा। शव मिलने की खबर से सनसनी फैल गई। प्रभारी निरीक्षक बीएल प्रसाद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तालाब से शव को बाहर निकाला। आसपास के लोगों से शिनाख्त से मना किया। युवती नीली जींस और टी-शर्ट पहने थी। कई दिन पुराना शव होने की वजह से दाहिना हाथ व पैर सड़ चुका था। जानवरों के घसीटने से बाल भी उखड़ गए। बाल कुछ दूर पड़े मिले। पुलिस के मुताबिक युवती की हत्या किसी और जगह की गई। तालाब में शव को फेंका गया है। निरीक्षक ने बताया कि शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।