खागा ऐराया ब्लाक की विक्रमपुर गौशाला में समस्याओं का अंबार है। मानदेय न मिलने की वजह से मजदूर गोशाला में काम करने नहीं आते हैं। मवेशियों का पेट भरने के लिए हरे चारा का भी इंतजाम नहीं है। इस समय गोशाला के ज्यादातर हिस्से में बारिश का पानी भरा हुआ है।
विक्रमपुर गोशाला में 60 गोवंश हैं। गोशाला में पानी का बहाव न होने की वजह से बारिश का पानी मैदान में भरा हुआ है। सफाई करने वाले मजदूर नहीं हैं। गोशाला के मजदूर सरवन, रामखेलावन, कंचन और सरोज ने बताया कि अभी तक एक महीने का मानदेय नहीं मिला है। छह हजार रुपये महीने का मानदेय दिए जाने की बात कह कर काम पर लगाया गया था।
प्रधान पति मेवालाल ने बताया कि मैदान में जलभराव की जानकारी बीडीओ को दी गई है। इसके लिए गोशाला परिसर में खड़ंजा लगाने का प्रस्ताव दिया गया है। अगर मंजूरी मिलती है, तो खड़ंजा लगा दिया जाएगा। बीडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि पानी निकालने का जल्द ही इंतजाम किया जाएगा। बजट आने पर मैदान को ऊंचा कर समतल कराया जाएगा और पानी निकासी की व्यवस्था की जाएगी।