फतेहपुर। जीवन दायनी संगठन की हड़ताल के तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस की चाबियां हैंडओवर कर ली। विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में 30 एंबुलेंस प्राइवेट स्टाफ से चलवाई। उधर, सीएमओ ने सभी 277 कर्मचारियों के काम पर न लौटने पर सेवा समाप्ति की नोटिस जारी की है। साथ ही संबंधित एंबुलेंस के क्षेत्र में किसी घायल की मौत पर रिपोर्ट दर्ज कराने आदेश क्षेत्रीय चिकित्सा प्रभारी को दिए गए हैं।
जिले में 108, 102 और एएलएम मिलाकर कुल 75 एंबुलेंस संचालित होती हैं। इन सभी में 277 कर्मचरी कार्यरत हैं। यह सभी कर्मचारी तीन दिन से हड़ताल पर हैं। दो दिन तक कर्मचारी सभी एंबुलेंस विज्ञान भवन परिसर में खड़ा कर धरना देते रहे। मंगलवार की रात प्रशासन से हुई वार्ता के बाद सभी चालकों ने क्षेत्रीय पीएचसी, सीएचसी में खड़ी कर चाबियां चिकित्सा प्रभारी को सौंप दी हैं। बुधवार को ज्यादातर एंबुलेंस पीएचसी, सीएचसी में खड़ी रहीं।
सीएमओ डा. राजेंद्र सिंह ने बताया कि एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल अभी तक जारी है। बुधवार को विभाग ने प्राइवेट स्टाफ से 30 एंबुलेंसों का संचालन शुरू करा दिया है। बताया कि अगर किसी दुर्घटना में घायल की एबुलेंस न पहुंचने से जान जाती है, तो उसके खिलाफ प्रभारी चिकित्साधिकारी रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। उन्होंने सभी कर्मचारियों से तत्काल हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने की अपील की है। कहा कि काम पर लौटने पर विभाग उनकी समस्याओं पर सहानुभूति पूर्वक विचार करेगा।
.....................................
सीन-1
फोटो 4- सदर अस्पताल में माहपुर निवासी घायल राहुल को प्राइवेट एंबुलेंस से उतारते परिजन। संवाद
माहपुर निवासी दुर्घटना में घायल राहुल को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस नहीं पहुंची। ऐसे में परिजन किराए की एंबुलेंस लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। गंभीर रूप से घायल राहुल को जिला अस्पताल पहुंचाने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
......................................
फोटो-5- ट्रामा सेंटर में घायल जमील को निजी वाहन से उतारते परिजन। संवाद
मार्ग दुर्घटना में घायल जैनपुर निवासी जमील को भी 108 एंबुलेंस नहीं मिल पाई। परिजनों ने बताया कि एंबुलेंस को फोन किया गया था, लेकिन सेवा उपलब्ध नहीं हो पाई। ऐसे में किराए का वाहन करके घायल को अस्पताल पहुंचाया गया है।