फतेहपुर। कानपुर और जिले में धोखाधड़ी के शिकार लोगों समेत चार लोगों ने सोमवार को भाजपा नेता दंपती पर गंभीर आरोप लगाए। सभी ने मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग डीएम से की है।
कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के मालवीय विहार निवासी कारोबारी प्रतीक मालवीय ने जहानाबाद थाने में सात अगस्त को कानपुर के कोयला नगर निवासी भाजपा नेता अवधेश मिश्रा समेत 11 लोगों के खिलाफ करीब 1.98 करोड़ की धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
प्रतीक ने डीएम को पत्र देकर मामले की जांच स्वतंत्र एजेंसी से कराने की मांग की है। उन्होंने अवधेश मिश्रा के साथ भाजपा जिला उपाध्यक्ष पत्नी रेखा मिश्रा पर भी मिलीभगत और धमकी देने का आरोप लगाया है।
इसके अलावा कानपुर की रेखा राजपूत और जिले के राधानगर थानाक्षेत्र निवासी इंद्रसेन ने भी अपने-अपने मामलों में कार्रवाई की मांग की। रेखा राजपूत ने वर्ष 2018 में पति की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। इंद्रसेन ने ट्रक हड़पने का आरोप लगाया है। इंद्रसेन की ओर से पूर्व में राधानगर थाने में अवधेश मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।
भाजपा नेता अवधेश मिश्रा ने बताया कि राजनीतिक रंजिश के चलते संगठित होकर उनके खिलाफ आरोप लगाए जा रहे हैं। उनके खिलाफ पूर्व में दर्ज कई मुकदमों में अंतिम रिपोर्ट कोर्ट में जा चुकी है। आरोपों की जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।